Friday, February 10, 2012

एयर रैकी या जॉय राइड.....

गत वर्ष जनवरी व फरवरी माह में खूब बर्फबारी हुई थी। ओएफसी केबल ग्रांफू के आसपास कट जाने से पूरी सर्दी इंटरनेट सेवा ठप रही। सुखद है कि इस साल इंटरनेट ठीक है। याद है कि पिछले वर्ष 24 फरवरी, 2011 को कुछ समाचार पत्रों में चंद्रा वैली के 14 गांवों के बर्फ में दबे होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। फंरट टॉप बाक्स खबर ने जिले व जिले से बाहर हलचल पैदा कर दी थी।



कोकसर से संपर्क पूरी तरह से कटा हुआ था। बाकि 13 गांवों से सुरक्षित होने की  पुष्टि हो गई थी। कोकसर से संपर्क नहीं हो पा रहा था। बर्फ इतनी अधिक थी कि कोकसर जाना भी संभव नहीं था। स्थानीय लोगों के मुताबिक कोकसर भी सुरक्षित ही है। अन्यथा वहां से लोग पैदल भी पहुंच जाते हैं। 1979 में भी कुछ ऐसा ही हुआ। विकल्प कुछ नहीं था। सिर्फ उन समाचारों को कोसने के।



खबरें कुल्लू से हुई थी। लाहुल में खूब बर्फ। पत्रकार कुल्लू में । प्रशासन इन खबरों का खंडन करे भी तो करे कैसे? अफवाहों के बाजार गर्म। खैर बात टलती रही। समाचार पत्रों की प्रवृति होती है मुद्दे को तूल देना। प्रशासन पत्रकारों को हडक़ाने में लगा रहा । पत्रकार चुप इसलिए थे कि कोकसर से संपर्क का माध्यम कोई न था। खबर लिखी गई थी सुनी-सुनाई बातों पर। हां, जब उस पर शब्दों की कारीगरी हुई तो खबर धमाका बन गई।



 बिजली बोर्ड के एक्सईएन 4 मार्च को कुल्लू से लाहुल आए। अफवाह उड़ी कि पायलट को किसी ने लाल झंडा दिखाया। कोकसर के ऊपर से उड़ते हुए पायलट ने लाल कपड़ा हिलाते किसी को देखा। प्रशासन में फिर हलचल। 3 मार्च रात्रि दस बजे मेरा फोन बजा। लाइन पर विधायक डा. मार्कण्डा थे। उन्होंने मुझ से कहा कि क्या यह सच है कि पायलट को किसी ने लाल कपड़ा दिखाया है। मैने कहा कि मुझे नहीं मालूम। एक्सईएन साहब बता रहे थे।



उन्होंने कहा कि रैकी व रेस्क्यू टीम में आपको शामिल किया जा रहा है। कल पहली उड़ान से आप एसपी लाहुल व एसडीएम केलंग के साथ भुंतर पहुंचेंगे। भुंतर से छोटे चौपर सें कोकसर के लिए फिर उड़ान भरेंगे। आप व पुलिस वायरलैस का एक जवान रैपल करते हुए कोकसर उतरेंगे। वहां की पूरी स्थिति का जायजा ले कर वायरलैस से मैसेज कन्वे करेंगे। पर्वतारोहण के क्षेत्र में पूरी तरह से प्रशिक्षित होने के कारण मुझे इस रैकी व रेस्क्यू टीम में शामिल किया जा रहा है।



किसी भी अप्रिय स्थिति की खबर व प्रशासन से तालमेल के लिए भी विश्वासपात्र शख्स का चयन था। सत्तारूढ़ पार्टी का जिला महामंत्री निसंदेह ही प्रशासन व सरकार से हटकर नहीं सोचेगा। डा. मार्कण्डा के मुताबिक थोड़ी देर में एसडीएम केलंग आप से संपर्क करेगा। आप दोनों मिल कर तय कर लो क्या किया जाना है? उनका फोन जरूर आया, लेकिन कुछ इधर उधर की बातचीत के बाद शेष चर्चा अगले दिन मिलकर करने की बात की। हालांकि बहुत लोगों को मेरे इस टीम में शामिल होने पर भी ऐतराज था। जो यह नहीं जानते थे कि सरकार व प्रशासन क्या सोच रहा  है?



अगले दिन सुबह एसपी ऑफिस में मिले। निर्णय हुआ हॉस्पिटल से डाक्टर भी जाएगा। दवाईयां एयर ड्रॉप की जाएंगी। छोटे के बजाए बड़े हेलीकाप्टर से रैकी करने की बात हुई। सतींगरी से उड़ान भर कर भुंतर के बजाए कोकसर से वापस आ जाएगा। ताकि एयर रैकी तो हो जाए। प्रशासन ने निर्णय लिया कि रस्सी के माध्यम से एक पत्र व दवाईयां ड्रॉप की जाएंगी। रैकी करने के बाद दूसरी उड़ान में तय होगा कि क्या किया जाए। कहने का तात्पर्य कोई आपात स्थिति होती है तो तीसरी उड़ान से राहत मिलेगी। पत्र लिखने का जिम्मा एक स्थानीय अधिकारी दिया गया।



पूरी कार्रवाई में मूक दर्शक बना रहा। पत्र कुछ इस तरह से था, प्रशासन आपकी मदद के लिए आ रहा है। एक अस्थाई हेलीपैड तैयार रखें। अगले उड़ान में रस्सी लटका दी जाएगी और जो भी समस्या हो पत्र में लिख कर उस पर बांध दें आदि-आदि। पत्र व दवाई के साथ कुछ और भी ड्रॉप किया जाना चाहिए। ऐसे में एक अधिकारी का सुझाव था कि कुछ मैगी व बिस्किट के पैकेट ड्रॉप करना चाहिए। मुझ से रहा न गया, मैंने कह दिया कि कोकसर एक ऐसा स्टेशन है जहां मैगी व बिस्कुट की कोई कमी नहीं।



गर्मियों में कोकसर कुल्लू जाने व लाहुल आने वालों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। वहां मैगी व बिस्किट्र!!!! अधिकारी ने कह दिया है तो हुक्म की तामिल तो होनी थी। रविवार का दिन था सो केलंग में पूरे बाजार बंद थे। ऐसे में मैं एक स्थानीय दुकानदार से बिस्किट व मैगी के पैकेट खरीद लाया। बिल आज तक मुझे नहीं मिला। एक रस्सी पर्वतारोहण उपकेंद्र से मंगवाया गया। सतींगरी हेलीपेड पर दवाई अन्य मैगी, बिस्किट की पैकिंग की गई ताकि एयर ड्रॉपिंग के दौरान न फटे।



पूरा सिस्टम अटपटा सा लग रहा था। मेरा सुझाव था कि जो पत्र लिखे गए है, उसके बजाए यह लिखा जाए कि *कोई बीमार हो तो आग जला कर धुंआ  निकालें*,* किसी की मृत्यु हुई है और उसे एयरलिफ्ट करना है तो लाल कपड़ा दिखाएं* तथा *सब कुछ सामान्य हो तो सफेद कपड़ा लहराएं*। ग्रामीणों की प्रतिक्रिया के मुताबिक राहत कार्यों में सुविधा होगी। हेलीपेड पर ही इस प्रकार का पत्र लिखना शुरू किया गया। थोड़ी देर में एक अधिकारी मुझे बुला ले गया।



अधिकारी की तर्क या दलील थी कि लाल कपड़ा या धुंआ ही दिखा तो? अगली उड़ान नहीं हुई तो यह तो और अधिक बड़ा ईशू बन जाएगा। ऐसे में पहले जो पत्र लिखा गया था उसे ही ड्रॉप कर दो। जिम्मेवारी तो हमारी यानि ब्यूरोक्रेसी की है। अधिकारी के तर्क पर मैं हतप्रभ था। समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या कहा जाए। मेरी सहमति उनके मुताबिक थी। अब मुझे हेलीकाप्टर से रैपल कर उतरना है, लेकिन रस्सी को छोड़ कर सीट हारनैस, कैराविनर, ग्लबज कुछ भी नहीं है। अब कोई पागल ही होगा जो रैपल करेगा।



हेलीकाप्टर सतींगरी में लैंड हुई। रैकी करने वाले लोग सवार हुए। कैमरा सबके पास। पूरी चंद्रा वैली बर्फ से ढकी हुई। जिन गांवों का उल्लेख समाचारों में हुआ तमाम सुरक्षित। गुफा होटल के ऊपर से उड़ते हुए देखा रोहतांग टनल का पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। परियोजना के हटस बर्फ में दबे हुए। कोकसर नाले का निर्माणाधीन पुल हल्का क्षतिग्र्रस्त। समाचार में पहले ही आ चुका था कि पुल पूरी तरह से ध्वस्त। यह बात ओर है कि बाद में पुल अधिक क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल की दूसरी ओर से जबरदस्त अवलांच ने  पुल को नुकसान पहुंचाया था।


हेलीकाप्टर कोकसर व डिम्फूग गांव के ऊपर चक्कर काटता रहा। पुल के दूसरी तरफ ढ़ाबे, सरकारी भवन, ग्रेफ परिसर, रेस्ट हाउस, पुलिस चौकी इत्यादि बर्फ के ढ़ेर के बीच दिखे। बहुत नीचे उड़ते हेलीकाप्टर को देखकर भी ग्रामीण सामान्य थे। वो हेलीकाप्टर को चक्कर काटते देखते रहे। दोनों गांव में हेलीकाप्टर से एयर ड्रॉपिंग कर दी गई। हम  एमआई 17 से एयर रैकी कर रहे थे। जो कतई रैकी नहीं था। जमीन से 500 मीटर ऊपर उड़ते हुए रैकी करना....अद्भुत ही कहूंगा। छोटा चौपर होता तो शायद हम लैंड भी कर जाते। तीन चार चक्कर के बाद वापस सतींगरी लौट आए। दूसरी उड़ान फिर नहीं हुई। अधिकारी जुट गए सरकार को रिपोर्ट करने में। खानापूर्ति थी, इस उड़ान से साबित हो गया कि सरकार हरकत में है।




विधायक महोदय का फोन आया, मुझ से पूरी रिपोर्ट लेते रहे। मैंने उन्हें पूरी बात बता दी। क्या पत्र उन्होंने लिखा है और क्या उसके परिणाम होंगे? उन्होंने एसपी से इस बारे पूछा तो उन्होंने विधायक को यह बता दिया कि पत्र जैसा मैंने बताया वैसा ही लिखा गया है। साथ ही वह सिस्सू पुलिस चौकी से पुलिस जवानों की टीम भेज रहे हैं। बात आई गई हो गई। स्थिति सामान्य होने की बात समाचारों आ गई। दो दिन बाद एसपी से कोकसर भेजे जाने वाले टीम के बारे में पूछा तो बोले अजय जी आप को मालूम ही है कि कोकसर का रास्ता कितना रिस्की है। ऐसे में जवानों को भेजे जाने का जोखिम कौन लेगा?



अब क्या कहता?  15 मार्च के बाद  रेस्क्यू पोस्ट स्थापित हुआ। कोकसर में सामान्य स्थिति की खबर भी आ गई। पायलट को दिखाया गया लाल झंडा असल में बौद्ध धर्म के लोग घर के छत पर विभिन्न रंग के झंडे लगाते हैं वो था। वो दिखाया नहीं गया बल्कि छत पर ही लगा हुआ था।  स्थानीय लोग भडक़े हुए थे। कारस्तानी प्रशासन की, नराजगी विधायक से, बात भी सही है।  लोगों ने पत्र के मुताबिक बर्फ को बीट करते हुए हेलीपेड भी बनाया था। मैगी और बिस्किट ने उनका पारा और अधिक चढ़ा दिया। मैं आज तक नहीं समझ पाया कि यह एयर रैकी था या जॉय राइड?  लेकिन याद रहेगा, प्रशासन के साथ यह जॉय राइड रैकी।  सिस्टम कैसे कार्य करता है यह भी दिख गया।

Monday, February 6, 2012

लोसर स्तोद में नववर्ष का त्यौहार

गत वर्ष लोसर पर गांव जाना चाहता था। भारी बर्फबारी के चलते केलंग से जा ही नहीं पाया। इस वर्ष बर्फ भी कम और मौसम भी अनुकूल रहा। केलंग गणतंत्र दिवस समारोह के बाद गांव चला गया। टैक्सी नियमित चलती है। बर्फ पड़ भी जाए तो ग्रेफ की मशीनरी बर्फ हटाने में जुट जाती है। ऐसे में मेरे गांव की ओर वाहन की दिक्कत नहीं है। लोसर से पूर्व घर में वार्षिक पूजा होती है। तिब्बती, लद्दाखी व खंपा भी नववर्ष का त्यौहार लोसर मनाते हैं लेकिन मनाने का समय अलग-अलग रहता है।

27 जनवरी को सुबह उठा। कुल देवता की पूजा अर्चना हुई। वार्षिक पूजा के लिए तैयारी आरंभ हो गई। जनजातीय क्षेत्र लाहुल के स्तोद में लोसर पर्व से पूर्व हर वर्ष यह प्रक्रिया होती है। गांव का ही एक व्यक्ति नियमित पूरे गांव के घरों में पूजा की विधि पूरा करता है। हमारे घर में कुल देवता के अतिरिक्त सात अन्य देवी-देवताओं को पूजा जाता है। घर के छत पर यह प्रक्रिया पूरी होती है। बौद्ध बहुल क्षेत्र में देवताओं से अधिक धर्म महत्वपूर्ण है, बाबजूद इसके साल में दो बार ऐसी पूजाएं हमारी जड़े कहीं और होने का संकेत देती हैं।


वार्षिक पूजा के लिए सत्तू के दो लिंगाकार टोटू बनते हैं, जिसे डंगे कहते हैं। डंगे के ऊपर मक्खन के मारकेनची बकरे रखे जाते हैं। डंगे व मारकेनची देवता तंगजर व यूलसा सोनापू को अर्पित करते हैं। आटे से दो त्रिकोण आकार के टोटू जिसे पिया कहते हैं फैला हला, फैला लारंग व गन ला को तथा काठू के आटे का पिया चची को अर्पित होता है। घेपन के लिए मक्खन का बकरा बनता है।  पवित्र देवदार के पत्तियों का  धूप व एक जग छंग छत्त पर ले जाते हैं। धर्म की प्रधानता ने अन्य पूजाओं को गौण कर दिया है।

पूजा में हर देव को पूजते हुए घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य, पालतू पशुओं की रक्षा व वृद्धि की कामना होती है। हर देव के लिए देवदार की टहनियों में सफेद कपड़ा लगा कर छत में क्रमबद्ध लगाया जाता है। पूजा के बाद धर्म के मुताबिक पवित्र झंडे लगाए जाते हैं। कुल देवता को भी सफेद कपड़ा अर्पित किया जाता है। इस पूरे क्रम को निपटा कर मैं वापस केलंग लौट आया। वार्षिक पूजा में पिछले वर्ष भी गया था।

2 फरवरी को मैं अपने परिवार के साथ लोसर के गांव के लिए चल पड़ा। मौसम अनुकूल था। घर में पूरी तैयारी में जुट गया। वर्षों बाद लोसर मनाने पहुंचा था। पहली बार तब जब मैं कक्षा चार में पढ़ता था। उसके बाद कभी गांव लोसर के दौरान नहीं पहुंच पाया था। कुछ धुंधली सी यादें थी। मेरी पत्नी पहली बार लोसर के आयोजन को देख रही थी।

3 फरवरी को सुबह चाचाजी ने आटे के 7 फोचे बनाए। फोचे तैयार होने के बाद हालड़ा फाडऩे की तैयारी थी। मेरे एक चाचा जी का पिछले वर्ष निधन हुआ था। ऐसे में हमारे घर में इस वर्ष गांव के लोग ही हालड़ा की तैयारी करते हैं। शोकग्रस्त परिवार को लोसर के दिन फूल देने की परंपरा होती है, ताकि वो अपना शोक तोड़ सके। लोसर नववर्ष की शुरूआत होती है। इस दिन के बाद शोक नहीं किया जाता।

हालड़ा फाडऩे से पूर्व बरराजा संभवत: बलिराजा को स्थापित करने के लिए बाकायदा शराब के साथ पूजा होती है। आटे के साथ दीवार पर आकृति बनती है। बीच में खतग व फूल लगता है। घी या मक्खन के टीके लगाए जाते हैं। उसी के साथ आटे के फोचे रखे जाते हैं। बरराजा स्थापित होने के बाद उस आसन पर कोई नहीं बैठता। माना जाता है कि बरराजा खुद वहां बैठते हैं। हर रोज कुछ भी ग्रहण करने से पूर्व बरराजा को अर्पित किया जाता है। फिर हालड़ा की लकड़ी फाडऩे से पूर्व पूजा होती है व फिर घर में जितने पुरूष सदस्य होते हैं उतने हालड़ा बनाए जाते हैं।

हालड़ा के साथ गलफा भी तैयार होता है। जो बरराजा के आसन के साथ रख दिया जाता है। शाम होते ही पूरे गांव के लोग पहुंचते हैं। पारंपरिक गीतों का गायन होता है। गांव के लोग शोकग्रस्त परिवार के सदस्यों को फूल देकर व छंग पिला कर शोक खत्म करने का आग्रह करते हैं। उसके बाद गलफा फैंकने की प्रक्रिया आरंभ हो जाती है। गलफा का मशाल पूरे वर्ष में घर में अशुभ, अनहोनी या बुरे ग्रहों के प्रभाव को टालने की कोशिश होती है। गलफा का मशाल फैंकते ही गांव के दूसरे घर की और प्रस्थान करते हैं। गलफा का मशाल हर घर में फैंकते हैं। ग्रामीण एक घर से दूसरे घर होते हुए गांव के हर घर तक पहुंचते हैं।

हालांकि हालड़ा फैंकने का समय रात दस बजे था। लेकिन घर-घर में गलफा फैंकते हुए सुबह के तीन बज चुके थे। सवा तीन बजे के करीब हालड़ा फैंक सके। ऐसा हर वर्ष होता है लोग तय समय में हालडा नहीं फैंक पाते। हालड़ा फैंकते ही घर के तमाम दरवाजों व खिड़कियों में आटे के दिये जलाए जाते हैं। हालड़ा फैंकने वाले घर आते हुए बर्फ लेकर आते हैं जिसे पानी के बर्तन में डाल दिया जाता है। सुबह जल्दी जाकर नल में घी का टीका लगा कर महिलाएं पानी लाती हैं। पूरे दिन घर से बाहर नहीं निकलते। मौसम अनुकूल नहीं था इसलिए चार फरवरी के शाम को केलंग आ गया। लोसर के तीसरे दिन सुबह जल्दी घर के छते पर जाकर देवी-देवताओं को पूजा जाता है तथा उसके बाद पूरे दिन छत पर नहीं चढ़ा जाता। सात दिन तक लोसर मनाया जाता है। लोसर की शुभकामनाएं देते हुए मुझे खुशी है कि एक और आयोजन को मैं ब्लॉग के माध्यम से सहज सका हूं।

Tuesday, December 7, 2010

पिंगरी-स्पीति में मुंडन संस्कार


स्पीति यात्रा के दौरान लाहुल-स्पीति के विधायक डा. रामलाल मार्कण्डा के साथ किब्बर व शेगो गांव में जाना हुआ। एक ही दिन दोनों गांवों में पिंगरी का आयोजन था। मुंडन की परंपरा को स्पीति में पिंगरी कहा जाता है। अक्टूबर माह से स्पीति में नवजातों के पिंगरी का दौर चलता है। पहली मर्तबा पिंगरी में जाने का अवसर मिला। 15 नवंबर को लाहुल के जाहलमा से चले। लंबी यात्रा करते हुए कुंजोम दर्रा पार कर लोसर सर्किट हाउस पहुंचे। पूरे स्पीति से विधायक को रिसीव करने कार्यकर्ताओं पहुंचे थे। पिंगरी अटैंड करने किब्बर की और चल पड़े। वाहनों का लंबा काफिला था। देर शाम किब्बर में निर्धारित घर पहुंचे तो विधायक का स्वागत हुआ। दूर दराज से रिश्तेदारों का आना जाना चला हुआ था। मेरे लिए स्पीति में ऐसे आयोजन का नया अनुभव था। भोज के उपरांत कुछ देर उसी घर में गीत-संगीत का कार्यक्रम चलता रहा। थोड़ी ही देर में परंपरागत अंदाज में बजंतरी मेहमानों को छंका हाल (सामुदायिक भवन) में आमंत्रित करने पहुंचे। वाद्ययंत्रों की गूंज के साथ छंका हाल पहुंचे। 






बहुत बड़े हाल में सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी मेरे लिए हैरत का ही सबब बना। पारंपरिक परिधानों व आभूषणों में सजे लोग, मदिरा व व्यंजनों का दौर। शून्य से नीचे तापमान में लोग खूब गर्म कपड़ों के साथ डटे हुए थे। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन की भव्यता कौतुहल जगा रही थी। स्पीति में ज्येष्ठ पुत्र, ज्येष्ठ पुत्री सहित छोटे बेटे जिसे लामा कहा जाता है के मुंडन का आयोजन किया जाता है। स्पीति में बड़े बेटे को पैतृक संपत्ति का अधिकार है व छोटे बेटों को भिक्षु बना दिया जाता है, यही कारण है कि भले ही वह भिक्षु बने या न बने उसे लामा ही कहा जाता है।





 पिंगरी के लिए बकायदा शुभ दिन का चयन होता है। तीन दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन को छिंगफुद, दूसरे दिन पिंगरी मोला तथा तीसरे दिन को छंगलग कहा जाता है। छिंगफुद में ग्रामीण एकत्रित होते हैं व पिंगरी की तैयारियां की जाती है। पिंगरी मोला के दिन ग्राम देवता गुर के माध्यम से आवेशित होते हैं व नवजात व आयोजन के संदर्भ में भविष्यवाणी करते हैं। दूर-दूर से रिश्तेदार पहुंचते हैं। बौद्ध धर्म समर्पित क्षेत्र में लोकदेवता की मान्यता से चौंका जरूर, लेकिन प्रक्रिया नहीं देख पाया। 






नवजात के मंगलमय भविष्य के लिए बौद्ध परंपरा के अनुसार पूजा व प्रार्थना होती है। माइक लगा कर कर छंका हाल के शोरगुल के बीच एनाउंसमेंट होती है। लाहुल में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को सामाजिक आयोजनों में जुटते नहीं देखा था। साथ ही मुंडन की रस्म ज्येष्ठ पुत्र के लिए ही अदा की जाती है। बताया जाता है कि इस भव्य आयोजन का खर्च भी अधिक है व उसी अनुपात में नवजात को तोहफे नकद दिए जाते हैं। किब्बर के पिंगरी के बाद शेगो के लिए चल पड़े। शेगो पहुंच कर सर्वप्रथम स्वागत हुआ और भोज में मो मो दिए गए।  





वेजिटेरियन व नॉन वेजिटेरियन लोगों के हिसाब से मो मो बने थे। भोज के बाद आयोजन स्थल पर पहुंचे। यहां छंका हाल के बजाए विशाल पंडाल लगा हुआ था। पूछने पर पता चला कि छंका हाल गांव से कुछ हट कर बना है, इसलिए पंडाल लगा है। प्लास्टिक के शीट से पंडाल को चारो तरफ से ढक़ दिया गया था ताकि ठंडी हवा व कम तापमान से मेहमानों को परेशानी न हो। साथ ही हीटिंग के लिए मदिरा का प्रबंध तो था ही। 


परंपरागत पोशाकों में सजी महिलाओं ने मंगल नृत्य किया। परंपरा के अनुरूप मंगल गीत गाए गए। नवजात के रिश्तेदार नृत्य के नर्तकों को क्षमता के अनुसार रूपये देते हैं। सामूहिक गायन व नृत्य के दौर के बाद देर रात शेगो से काजा की और चल पड़े। 



हालांकि पिंगरी की पूरी रस्म नहीं देख पाया किंतु परंपरा व संस्कृति से जुड़ा भव्य आयोजन मेरे जहन में बस गया। संभव ही नहीं था कि पहली बार अधूरे आयोजन को देख कर पूरी प्रक्रिया को समझा जा सके। 





अफसोस इस बात का है कि मैं इस आयोजन को कैमरे में कैद नहीं कर सका। इस वर्ष 17 जू
न को हुए मेरी बेटी जिगमेद कुंसिल के मुंडन संस्कार के फोटो अपलोड कर पोस्ट में रंग भरने का प्रयास कर रहा हूँ.

Thursday, December 2, 2010

जिस्पा डेम-संघर्ष या राजनीति!

ब्लाग व इंटरनेट की दुनिया से लंबे ब्रेक के बाद नए पोस्ट के साथ दस्तक दे रहा हूं। मई माह में कुल्लू से लाहुल आ गया। पत्रकारिता को अलविदा कहते हुए रोजी रोटी के जुगाड़ में डट गया। प्रस्तावित जिस्पा डेम को लेकर विरोध के स्वर सुनाई दे रहे थे। जिस्पा में राष्ट्रीय महत्व की लगभग 200 मीटर ऊंचे वाटर स्टोरेज डेम व जलविद्युत परियोजना प्रस्तावित है। हालांकि इस विरोध से जुडऩे का आग्रह रिगजिन हायरपा करते रहे लेकिन मेरी विवशता यही थी कि जिस्पा व आसपास के क्षेत्रों से जमीनी तौर पर जुड़ाव मेरा न के बराबर ही रहा है। पांच गांवों के विस्थापन के मुद्दे पर कहीं न कहीं मेरी स्थिति ‘तू कौन मैं कौन खामखहा’ जैसी ही थी। इस बीच आरटीआई के तहत रिगजिन ने प्रस्तावित डेम के पीपीआर को हासिल कर लिया। रिपोर्ट को देखने के बाद पाया कि डेम के पानी को 5/5 डाया के लगभग 10 किलोमीटर लंबे 2 सुरंगों के माध्यम से लाया जा रहा है ताकि 300 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना का निर्माण दो चरणों में हो सके। भूमिगत सुरंग मेरे पंचायत से निकल रहा है। यही एक कारण था कि मुझे अपने लोगों से जुडऩे का मौका मिल गया। विरोध की तैयारियां आरंभ हो गई। निर्णय लिया कि तीन पंचायतों के लोगों को मिला कर विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे। संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवि ठाकुर के होने की बात की गई लेकिन समिति के अन्य पदाधिकारियों का कोई अता पता नहीं था। संघर्ष समिति गठित हुए बगैर ही हम डट गए। रिगजिन बतौर संयोजक व मैं सहसंयोजक के तौर पर संघर्ष व विरोध को गति देने में जुट गए। राजनीति से हट कर डेम व जलविद्युत परियोजना के दुष्प्रभावों व विस्थापन के मसले पर लोगों को जागरूक करने लगे। निर्णय हुआ कि एचपीसीएल से शुरूआती दौर में किसी भी स्तर पर बातचीत न हो। कंपनी के अधिकारी ग्रामीणों से एक टेबल पर बातचीत को तरसें। कंपनी के अधिकारियों का बहिष्कार व घेराव हो। प्रारंभिक सर्वे करने से रोका जाए। सूचना मिली कि एचपीपीसीएल के एमडी तरूण कपूर 7 जून को ग्रामीणों से बातचीत के लिए आ रहे हैं। रणनीति बनी कि उसी दिन केलंग में विशाल रैली निकालेंगे। प्रस्तावित डेम व परियोजना से प्रभावित होने वाले तीन पंचायतों के लोगों को सूचित किया गया। आखिर 7 जून, 2010 को संभवता लाहुल के इतिहास में पहली मर्तबा विशाल विरोध रैली निकली।


जमकर परियोजना के विरोध में गुब्बार निकला। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने विरोध को धार दी। सतींगरी से जिला मुख्यालय केलंग (करीबन सात किलोमीटर) तक पदयात्रा करते हुए पहुंचे। खूब नारेबाजी हुई। डेम व जलविद्युत परियोजना के विरोध में महामहिम राज्यपाल व प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। सफल विरोध रैली ने एचपीपीएल को बैचेन कर दिया। संभवत: विरोध रैली की सूचना एमडी तरूण कपूर को मिल गई, नतीजतन वह लाहुल नहीं आए। रैली की सफलता से उत्साहित अगली रणनीति बनी। वाटर स्टोरेज डेम व जलविद्युत परियोजना के विरोध में लाहुल के पंचायती राज संस्थाओं को पत्र लिख कर समर्थन मांगा। विरोध प्रस्ताव का खाका तैयार कर भेजा गया। संघर्ष समिति के स्वयंभू अध्यक्ष रवि ठाकुर की राजनीतिक अपरिपक्वता ही थी कि विरोध व संघर्ष में कांग्रेस-भाजपा की प्रतिबद्धता को अलग न रख सके। अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं की उड़ान में हमारी मौजूदगी उन्हें खलती रही। संघर्ष में दरार डालते हुए सर्वप्रथम निर्णय के विपरीत वह कुल्लू में एचपीपीसीएल के अधिकारियों से मिले। फिर उन्हें जिस्पा में बुला लाए। एचपीपीसीएल के अधीन इस परियोजना के डीजीएम अमर लाल ठाकुर हैं जो लाहुल के जाहलमा गांव के हैं। संभवत: रवि ठाकुर के आमंत्रण पर बैठक में पहुंचे थे। इस बैठक की सूचना हमें नहीं मिली, तर्क दिया गया कि हमारी जमीन दारचा पंचायत में नहीं है। जब रिगजिन ने कहा कि उनकी जमीन जिस्पा में है तो उन्हें अनमने तरीके से कहा गया कि तो आप बैठक में आ सकते हैं जबकि उस समय वह केलंग में मेरे साथ थे। बैठक में वह नहीं पहुंच सके। सूचना मिली कि बैठक में अमर लाल ने कहा कि डेम तो हर हाल में बनना है विरोध के कोई मायने नहीं है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को हास्यास्पद तरीके से गुमराह किया कि राज्यपाल या मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि आप विरोध करते हैं तो औने-पौने दाम पर सरकार आपकी जमीन का अधिग्रहण करेगी। विरोध नहीं करते हैं तो आपको प्रति बिस्वा कंपनी तीन लाख रूपये देगी। श्री अमर लाल ने कंपनी व सरकार के हित को साधते हुए एक तीर से दो निशाने साध दिए। ग्रामीणों को डर भी दिखा दिया व लालच देते हुए ‘फूट डालो शासन करो’ की नीति का सूत्रपात कर दिया। दोष उनका भी नहीं है। हम लोगों में से ही कुछ डेम के बनने को लेकर उत्साहित दिख रहे हैं। हालांकि इस बैठक में मु_ी भर लोगों की मौजूदगी रही। कहीं न कहीं इसका आकलन शुरू हो गया कि तीन लाख के हिसाब से किसे कितना मिल रहा है? सुनियोजित तरीके से यह बात भी ग्रामीणों में फैला दी गर्ई कि डेम तो किसी भी सूरत में नहीं रूक सकता, इसे तो बनना ही है। यह तथ्य है कि लाहुल में विरोध की संस्कृति का कोई इतिहास नहीं रहा है। परियोजनाओं को देखा नहीं है व उसके दुष्प्रभावों से अवगत होने का भी सवाल ही नहीं है। निर्माणाधीन रोहतांग सुरंग लाहुलियों की बहुप्रतीक्षित मांग है। उसके दुष्प्रभावों से किसी को कुछ लेना देना नहीं है व आम लाहुली यही चाहता है कि किसी भी सूरत में सुरंग का निर्माण हो। रोहतांग सुरंग की निर्माता कंपनी से नफे-नुकसान का सवाल स्थानीय स्तर पर कभी नहीं उठ सकता। अपने कवि मित्र अजेय से एक चर्चा के दौरान इस रोचक तथ्य का खुलासा हुआ कि लाहुल की स्थानीय बोलियों में दुश्मन के लिए कोई शब्द ही नहीं है। साफ हो गया कि विरोध या संघर्ष हमारी संस्कृति में ही नहीं है। इस बीच विभिन्न पंचायतों के समर्थन प्रस्ताव मिल रहे थे। निर्णय यही था कि तमाम पंचायतों के समर्थन प्रस्ताव के साथ जबरदस्त हस्ताक्षर अभियान चला कर केंद्र सरकार को प्रेषित करेंगे। 5 जुलाई को पूरे लाहुल में ग्राम सभा प्रस्तावित था। रिगजिन के साथ दारचा व कोलंग पंचायत में ग्राम सभा में जाने का निर्णय लिया। दारचा पंचायत की ग्राम सभा में ग्रामीणों का रोष रवि ठाकुर के प्रति झलक रहा था। रोष था कि निर्णय के विरूद्ध वह एचपीपीसीएल के लोगों से मिले व तमाम लोगों को सूचित किए बगैर एचपीपीसीएल के लोगों के साथ बातचीत हुई। ग्राम सभा में रवि ठाकुर की एंट्री के साथ ही रोष छुमंतर हो गया। हालांकि यहां मेरी मुखरता कुछ लोगों को जरूर अखरती रही। सुना जा रहा था कि जिस्पा में रवि ठाकुर के होटल में एचपीपीसीएल का कार्यालय खुलने जा रहा है। विचित्र स्थिति थी जिस्पा बांध संघर्ष समिति के अध्यक्ष एक और तो विरोध का झंडा बुलंद कर रहे थे तो दूसरी और कंपनी के अधिकारियों के साथ बराबर सीटिंग कर अपने होटल में टी पार्टी दे रहे हैं। विरोध में विरोधाभास। दोहरा स्टैंड। सवाल उठाया तो तर्क था कि वो उनका व्यवसाय है। जबाव दे दिया कि वह व्यवसाय जरूर करे लेकिन पूरे इलाके को बेच कर नहीं।

  
  रवि ठाकुर की परियोजनाओं के संदर्भ में सीमित जानकारी ही है कि ग्राम सभा में बोले सिंगुर में जो बांध बना है उसके विरोध में... उसी समय टोक दिया कि ठाकुर साहब सिंगुर में कोई बांध नहीं है, तो तुरंत जेपी के किन्नौर में बने परियोजना की चर्चा करते हुए कह उठे कि विरोध करेंगे तो पुलिस की लाठियां व अदालती केस झेलने पड़ते हैं। कहने भर की देर थी कि रहा नहीं गया, मुंह से निकल ही गया कि ठाकुर साहब, डर रहें हैं या डरा रहे हैं? संघर्ष समिति के स्वयंभू अध्यक्ष कुछ इस तरह से जिस्पा डेम के विरोध का झंडा बुलंद कर रहे हैं। स्पष्ट है कि वह मन बना चुके हैं कि डेम बनाना ही है। बात भी सही है उनके अपने मिट्टी से जुड़ाव को लेकर मुझे गंभीर संदेह है। जिस शख्स ने लाहुल की सर्दी व दुश्वारियों को नहीं झेला, मात्र एक आलीशान होटल उनके जुड़ाव को पुख्ता नहीं कर सकती। ग्राम सभा में मेरी मुखरता को पुराने विवाद के साथ जोड़ कर देखा गया। कुछ लोगों ने डेम के संदर्भ में दिए मेरे पुराने वक्तव्य की आड़ में मुझे घेरने की कोशिश भी की। कुछ देर बाद जिस्पा डेम की गर्मागर्मी नरेगा के तहत होने वाले पौध वितरण की गहमागमी में तब्दील हो गई। इतना जरूर पता चला कि एचपीपीसीएल ने दो पंचायतों से एनओसी के लिए पत्र लिखा है जिसपर यही निर्णय हुआ कि किसी भी प्रकार की एनओसी फिलहाल कंपनी को न दिया जाए। दारचा ग्राम सभा के बाद हम कोलंग पंचायत की ग्राम सभा में शामिल होने के निकल पड़े। जहां इस मसले पर पहले की चर्चा चल रही थी। इंतजार हमारे पहुंचने का हो रहा था। हमारे साथ-साथ रवि ठाकुर भी अपने वाहन में गेमूर पहुंच गए। यहां शायद रवि ठाकुर को एहसास हुआ कि वह जिस मुद्दे को सहजता से ले रहे है वह उतना सहज नहीं है। ग्राम सभा में इस मसले पर थोड़ी नोकझोंक भी हुई। अपने लोगों से जुडक़र अपनी विश्वनीयता को साबित करने के लिए मेरी जद्दोजहद जारी थी। बचपन में ही अपने इलाके में रहा, उसके बाद वर्षों तक मेरा जुड़ाव अपने इलाके से न के बराबर ही रहा। केलंग में बस जाने के बाद बहुत कम गांव या इलाके के सामाजिक आयोजनों में पहुंच पाता हूं। एकदम से एक संघर्ष के माध्यम से अचानक इलाके से जुड़ा। स्वाभाविक ही है कि मसले में कुछ लोग इस जुड़ाव का मकसद व मेरे एजेंडे की पड़ताल करते हुए संदेह भरी निगाहों से मेरी गतिविधियों पर सवाल तो खड़ा करेंगे ही। कुछ लोगों को मेरी सक्रियता खटक रही थी। किसी न किसी तरह से मुझे इस संघर्ष से बाहर करने की तैयारी होती रही। इस बीच सूचना मिली कि विस्थापित होने वाले पंचायत ने रवि ठाकुर की अगुवाई में जिस्पा बचाओ समिति का गठन कर लिया। संघर्ष समिति का दोफाड़ हो गया। रिगजिन को समिति ने महासचिव पद का ऑफर दिया जिसे रिगजिन ने शालीनता से ठुकरा दिया। इस स्ट्रोक के साथ संघर्ष से मैं बाहर हो गया। जिस उत्साह के साथ प्लानिंग कर रहे थे वह उत्साह ठंडा पड़ गया। संघर्ष का स्थान बचाओ ने ले लिया। आरोप यह भी लगे कि मैं संघर्ष में राजनीति कर रहा हूं। सक्रियता पर विराम देते हुए मैं भी चुप बैठ गया। जिस्पा बचाओ समिति का पंजीकरण किया गया। रिगजिन के ऑफर को ठुकराने के बाद मेरे गुरूजी अंगरूप ठाकुर को महासचिव का दायित्व दिया। विरोध का दौर इस बीच अगस्त माह में महामहिम दलाई लामा के जिस्पा दौरे के बजह से भी ठंडा पड़ा। पूरा दो पंचायत महामहिम के स्वागत व प्रवास की तैयारियों में जुटा रहा। मूक दर्शक बनना मेरी नियति थी। 


हां इतना जरूर है कि डीजीएम अमर लाल का फोन जरूर आया कि अजय जी हम आप से मिलना चाहते हैं आप केलंग में हमारे कार्यालय आएं। मैं ग्रामीणों के साथ ही कंपनी के लोगों से बात करना चाहता था ऐसे में उनके पास जाना मुझे मुनासिब नहीं लगा। यूं भी हम गुपचुप बातचीत का विरोध कर चुके थे, ऐसे में मेरा उनसे मिलना कई सवाल खड़े कर सकता था। इस बीच कुछ बुद्धिजीवियों ने संघर्ष को जारी रखने का आह्वान किया। अलग समिति के बैनर तले संघर्ष की रूपरेखा बन रही है। फिलहाल कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। विस्थापित पंचायत की समिति बन चुकी है अब प्रभावित पंचायत को भी विरोध का बैनर तैयार करना है। कई दौर की बैठक हो चुकी है। इस बीच अक्टूबर माह में दशहरा के दौरान जिस्पा बचाओ समिति ने कुल्लू में दारचा पंचायत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। कुल्लू में हुई इस बैठक में क्या हुआ उसकी अधिक जानकारी मुझे नहीं है, लेकिन समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला कि बैठक के बाद महामहिम राज्यपाल को डेम के विरोध में ज्ञापन दिया। उसके बाद इस बैठक की जानकारी दारचा में दी गई, उसी बैठक में निर्णय हुआ कि डेम के विरोध में एकदिवसीय सांकेतिक अनशन केलंग में होगा। 3 नबंबर को 11 बजे जिस्पा बचाओ समिति ने 24 घंटे का अनशन आरंभ किया व 4 नबंवर को अनशन तोडऩे के बाद केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश को डेम के विरोध में उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। रिगजिन इस अनशन में जिस्पा बचाओ समिति के सदस्यों के साथ बैठे। दारचा में हुई अंतिम बैठक के बाद वे आश्वस्त थे कि आंदोलन को एकजुटता के साथ जारी रखा जाएगा। अंगरूप गुरूजी से हुई बातचीत में उन्होंने मुझसे कहा जिस्पा बचाओ समिति छोटे भाई की भूमिका में होगी, असल लड़ाई तो जिस्पा बांध जन संघर्ष समिति के बैनर तले ही लड़ा जाएगा। दलील थी कि परियोजना प्रबंधकों के साथ जब नेगोसियशन की स्थिति आएगी तो विस्थापितों की अलग समिति की जरूरत पड़ेगी। अत: जिस्पा बचाओ समिति का गठन हुआ है।



मेरे सवाल अब भी जस के तस थे। उपसमिति पंजीकृत है और मुख्य समिति का अभी कोई अता पता नहीं है। जिस्पा बचाओ समिति का अध्यक्ष रवि ठाकुर है तो क्या जिस्पा बांध संघर्ष समिति के अध्यक्ष भी रवि ठाकुर ही होंगे? यदि उपसमिति का गठन करना था तो जिस्पा बांध संघर्ष समिति को विश्वास में क्यों नहीं लिया गया? एक शोर गूंज रहा था कि जो शख्स अपने इलाके के संघर्ष को ही तोड़ गया तो उसकी विश्वनीयता क्या होगी? क्या छवि के डेमेज को कंट्रोल करने के लिए समिति व उपसमिति का ड्रामा चल रहा है? हास्यास्पद ही कहूंगा संघर्ष शुरू हुआ नहीं और समझौते की तैयारियां हो गई। बड़े बेआबरू हो कर संघर्ष से बेदखल हुए, अब क्या जबरन मुझे उस सूडो संघर्ष का हिस्सा बनना चाहिए? पूरा सीजन कंपनी के लोग बेधडक़ सर्वे करतेे हुए हमारी छाती पर दनदनाते रहे अब उनके जाने के बाद अनशन अटपटा ही था। यही कुछ सवाल थे जिसके चलते उस अनशन से दूर ही रहा। अजेय भाई संघर्ष के आरंभिक दौर से ही मुझे उत्साहित करते रहे हैं। निरंतर उनसे चर्चा होती रही। वह हमेशा कहते रहे प्रतिरोध के लिए लडऩे की नीयत चाहिए। फिलहाल वो प्रतिबद्धता उन्हें नहीं दिख रही है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि कंपनी की उपलब्धि है कि उन्होंने एक मैच्योर होते हुए जनसंघर्ष में बड़ी आसानी से फांक पैदा कर दी। लेकिन इस फांक के विरूद्ध भी तो संघर्ष किया जा सकता है। 

Monday, April 12, 2010

नौ साल बाद सैंज


डोडा विहाल 'नकली' गाँव!! 






मित्र ने शनिवार 10 अप्रैल को फोन किया। मोच आ गई है। क्या तुम बतौर ड्राईवर सैंज चल सकते हो? मैंने कहा ठीक है। इस वार्तालाप को मेरी पत्नी ने सुना। कहने लगी मैं भी चलूंगी। मैंने कह दिया ठीक है। रविवार को फिर फोन आए तो चलेंगे। पत्नी सुबह जल्दी ही तैयार हो गई। मैं बेपरवाह सोता रहा। फोन आ ही गया कि क्या तुम तैयार हो क्या? मैंने कहा आ जाओ, तुरंत तैयार हो जाऊंगा। मित्र के मारुति में सवार हुए हम और चल पड़े सैंज। नौ माह की बेटी साथ लेकर। इस बीच खोखण में भी उसे कुछ काम था। काम निपटा कर शुरू हुआ सैंज का सफर। लारजी के ट्रेफिक टनल पार कर मुड़ गए सैंज की ओर। करीबन नौ साल बाद सैंज जा रहा था। जब पहली बार गया था तो सड़कें तंग थी। अब एकदम नजारा बदल चुका है। कच्ची सड़क पर धूल उड़ाते डंपर, टिप्पर। धूल ही धूल। सड़क किनारे पेड़ों पर धूल की मोटी परत। धूल-धूसरित इलाका। धूल नियंत्रण के लिए परियोजना का पानी टैंकर। पर सब बेकार। तपती धूप में टैंकर से पानी की बौछार। रस्मअदायगी से अधिक कुछ नहीं। मित्र बोल उठा बरसात में कीचड़ और गर्मी में धूल। सब बेपरवाह काम जोरों पर है। बाईपास, पुल, सुरंग, मलबे से सिकुड़ी सैंज नदी। विकास हो रहा है। महत्वाकांक्षी बिजली परियोजना का काम है।

परियोजना की नवनिर्मित सुंदर बस्तियां। कच्चे मकान पक्के हो चुके हैं। सड़कों के किनारे भवन निर्माण जारी है। परियोजना से भला हो गया ग्रामीणों का भी। सड़कों का जाल बिछ रहा है। सड़कों के लिए कितने पेड़ कटे होंगे? अहसास हो गया। बदला हुआ सैंज घाटी। नौ साल बाद अलग ही सैंज जा रहा था। हल्की से चढ़ाई में हांफते ओवर लोडिड ट्रक। मलबे से भरे टिप्पर। मशीनों का ढेर। निर्माण कार्यों ने पहाड़ का 'तेल' निकाल दिया। यही देखते हुए चल रहा था। उत्सुकता हुई सैंज कस्बे का बाजार कैसा होगा? 
शलवाड़ पहुंच गए। काम जोरो पर है। सुरंग बन रही है। सड़क से सटे इस छोटे से गांव में दुकान बढ़ गए हैं। उड़ते धूल ने गांव की रंगत बिगाड़ दी है। आगे बढ़े। सड़क की निचली और एक गांव हुआ करता था। छानी नाला । 22-25 मकानों वाले इस गांव का नामोनिशान मिट गया। लाखों टन मलबे का ढेर। दब गया है वो गांव। मलबे के ढेर में बदल गया है ढलान पर बसा छानी गांव। डंपिंग साइट के लिए पूरा गांव उजड़ा। मलबे को बिछा कर बन रहा है मैदान। इस गांव के लोग कहां बसे? मेरे लिए यह सवाल ही रहा। हां, इतना जरूर है कि उन्हें पर्याप्त मुआवजा मिला होगा। अपने माटी से अलग होने की कीमत। मलबे के ढेर को बिछाते मशीनों का शोर। शायद उस गांव के बारे में सोचने का मौका नहीं देती।








                                 
मलबे के ढेर में दबा छानी नाला 


इस ढलान पर बसा था छानी नाला गाँव 






सैंज करीब आ रहा है। दिखने लगी है परियोजना की सुंदर, व्यवस्थित बस्ती। सैंज बाजार भी आ गया। कच्चे खोखे सीमेंट के पक्के मकानों में तब्दील हो चुके हैं। कीचड़ व धूल से कस्बे की सड़क खस्ता है। लग्जरी वाहन में घूमते स्थानीय युवा। बदले हुए स्टेटस सिंबल के साथ। कुछ खाने का मन हुआ। बाजार की हालत देख कर केले व संतरे खरीद कर ही संतोष कर लिया। सैंज से आगे जाना था हमें। रास्ते भर होती रही परियोजना व स्थानीय लोगों से जुड़े किस्सों की चर्चा। 
परियोजना के साथ संपन्नता आई। धड़ाधड़ वाहन खरीदे गए। अब वाहन को हांकने के लिए तेल के लायक जुगाड़ नहीं। सुना है कि एक परियोजना के अधिकारी का वाहन टायर पंचर हुआ। परियोजना में मजदूर बोला, 'ठहरो साहब! मैं अपनी गाड़ी ले आता हूं।' पूंजीवाद का धुंधला सा  चेहरा। सैंज घाटी में दिख रहा है। अमीर और अमीर हो रहा है व गरीब की हालत बदतर हो रही है। सैंज से आगे बढ़ते हुए मित्र बोला नदी के पार गांव देख रहे हो? छोटा शिमला! स्ट्रक्चर बने हुए हैं लकड़ी के। मकान जैसे दिखते है। मात्र मुआवजा बटोरने के लिए रातोरात खड़े किए गए हैं। उपर की मंजिल जानवर को फांसने के लिए बिछे जाल से कम नहीं। ऊपर गए तो धड़ाम। सुना है कि परियोजना में मुआवजे का गड़बड़झाला है। 
मेरे लिए हैरतअंगेज था कि मकान भी 'चोरी' हो जाते हैं। इधर, खड़ा किया नहीं और उधर कोई और पूरा का पूरा उड़ा ले गया। उसी मेटेरियल का इस्तेमाल। अपना मकान खड़ा। हल्फनाफे देकर खड़े हो रहे हैं मकान। जमीन किसी की, मकान किसी और का। हल्फनामे के ऐवज में मिल जाता होगा 'कुछ'। पता नहीं, कितना? मकान बनाने वाले को तो मिलने वाली रकम का करना होता है इंतजार। लगता है मकान माफिया खूब बटोर रहा है। हम आगे बढ़ ही रहे हैं। मित्र का कोई इंतजार कर रहा है। 
इस बीच डेम साइट तक पहुंच गए हैं। काम चल रहा है। पोकलेन मशीन, जेसीबी गरज रहे हैं। टिप्परों में मलबा लोड हो रहा है। पहाड़ को बेरहमी से नोच रहे हैं पोकलेन मशीन। कलयुगी 'दैत्य'! डेम साइट के आसपास की पहाड़ी पर सीमेंट की ग्रोटिंग हुई है। नई तकनीक से सीमेंट का छिड़काव। सीमेंट की बौछार पड़ते ही जैसे वनस्पति को बोल दिया हो 'स्टेच्यू'! और वनस्पति सदा के लिए स्टेच्यू। जैसे पौराणिक कथाओं में होता था छूते ही इंसान पत्थर। मुझे लगा उस पहाड़ी की वनस्पति की बेहरहमी से 'हत्या' हुई है। अब वो कोख हमेशा के लिए बंजर हो गई है। डेम के बनते ही पानी में डूबा होगा 'वो' हिस्सा। 
डेम साइट से निकलते ही आगे दो रास्ते थे। एक रास्ता न्यूली जाता है और दूसरा पुल पार कर रैला। जो मुझे नहीं पता था। हम पुल पार कर आखिर पहुंच गए जहां मित्र को जाना था। मित्र बोला सामने गांव देख रहे हो। डोडा बिहाल है। गौर से देखा तो हैरत में था। सुंदर सा दिखने वाला गांव पूरा 'नकली'। 40-50 मकान बन गए हैं। सलीके से रंग-रोगन हुआ है। किसी भी मकान में शीशे नहीं है। कोई नहीं दिख रहा। भरा-पूरा गांव, रहने वाले कोई नहीं। बताया कि यह मुआवजे का खेल है। परियोजना इस स्थल को भी अधिग्रहित कर रही है। मकान बना हो तो मुआवजा अधिक मिलेगा। लकड़ी के मकानों की कीमत ही अलग है। नजदीक से देखा तो इतने बड़े गांव में कुछ लोग दिखे। शायद उस छोटे से गांव के मूल निवासी होंगे। अब गांव का आकार बढ़ गया। 
सब पैसा है। ऐसा ही चलता है। परियोजना के समंदर से बूँद निकल जाए तो किसी को क्या फर्क? और इस सब से मेरे पेट में दर्द क्यों? खैर मित्र को कुछ काम निपटाना था। इतनी देर बैठे रहने का मतलब नहीं था। सो मैंने कहा, 'मैं न्यूली तक जा आता हूं।' मैं कभी न्यूली नहीं गया था। न्यूली से आगे शांघड जैसा खूबसूरत इलाका है। तस्वीरों में देखता रहा हूं। मित्र ने कहा, 'शांघड़ नहीं पहुंच पाओगे। सड़क न्यूली तक ही है।' मैंने कहा' 'कोई बात नहीं मैं न्यूली तक ही जा आऊंगा परिवार के साथ। फिर क्या पता मौका मिले या न मिले।' हामी भरी और चल पड़े न्यूली की ओर। मालूम न था कि किस दिशा में है न्यूली। दो किलोमीटर के बाद किसी से पूछा। न्यूली कितनी दूर है? उसने कहा, 'जनाब आप गलत आ गए है। जिस पुल को पार किया उसी पर वापस जाते हुए दूसरी सड़क पकड़ो। इस सड़क से तो आप रैला पहुंच जाएंगे।'
 इतना आ जाने के बाद लौटने का मूड नहीं हुआ। सोचा चलो रैला ही देख आते हैं। चल पड़े आगे। परियोजना के निर्माण में इतनी सड़के बन चुकी हैं कि पक्का नहीं था कि मैं रैला पहुंच पाऊंगा या नहीं। सड़कों की भूलभुलैया...कोई साइन बोर्ड नहीं! कौन सी सड़क कहां जा रही है? पहाड़ पर सड़क दूर से लकीर जैसी दिखती है। पहाड़ पर खींची लकीरें बता रही हैं कि शिद्दत से पहाड़ का सीना छिला गया है। जंगल साफ हुए, पहाड़ काटे गए। सैंज में परियोजना की कई सुरंगें बन रही हैं। पहाड़ जगह-जगह से छिद रहे हैं। उस सड़क के साथ बिजली की बड़ी लाइन भी जा रही है, लेकिन कहां, पता नहीं! परियोजनाओं के निर्माण के साथ टावर लाइन बिछेगी। तभी तो रोशन होंगे मैदान बड़े-बड़े शहर। पहाड़ में परियोजनाओं का निर्माण गति पकड़ रहा है। एक समय ट्रांसमिशन लाइन के टावरों से पहाड़ पट जाएगा। सच भी है। मैदानी इलाकों में संसाधनों का दोहन हो चुका है। अब पहाड़ की बारी है। क्या विकास ऐसी तबाही लाती है?
 ब्लैक टॉप सड़क पर गाड़ी दौड़ रही है। विकास के उस मंजर से अलग बावडिय़ों में कपड़े धोती महिलाएं, नहाते बच्चे। शायद विकास से अनभिज्ञ या जानकर भी बेबस। नदी-नालों के किनारे बने परंपरागत घराट अतीत की बात हो गई। पहले पिसता था आटा और मेल-मिलाप भी हो जाता था। मेरे पत्रकार मित्र बताते हैं कि इन घराटों में कई जोड़े मिलते थे और गृहस्थी बस जाया करती थी। अब परियोजना के बड़े घराट लगेंगे जो अपनी रगड़ से बिजली पैदा करेंगे। दुर्गम गांवों के मकानों के छत पर डिश एंटिना दिख रहे हैं। मोबाइल के टावर भी। कंपनियों की सुविधा। भला ग्रामीणों का भी। दुर्गम इलाके में परियोजनाओं के बहाने सड़क बन गई है। कभी स्वप्र ही रहा होगा ग्रामीणों के लिए। पैसे की ताकत क्या नहीं कर सकती? अहसास हो रहा है। 
गाड़ी रोक राहगीर से पूछ ही लिया रैला कितना दूर है? बोला, 'आगे दो रास्ते आएंगे आप सीधे जाने की बजाए मुड़ जाएं। रैला सुंदर गांव है व एक मंदिर भी है।' गांव के नजदीक पहुंच तो गया लेकिन देखा सड़क आगे जा रही है। सोचा संभव है सड़क गांव तक ही हो। इस आस बढ़ चला। देखा सड़क गांव के बाहर से निकल रही है। गांव के ठीक ऊपर पहुंच गया। जहां एक वाहन में ग्रामीण रोजमर्रा की वस्तुएं व राशन लाए हैं। सड़क से गांव तक लंबी स्पेन लगी है। स्पेन में लाद कर राशन गांव तक भेजा जा रहा है। रैला हरा-भरा सुंदर व फैला हुआ गांव। नजदीक ही जंगल। राशन वाले एक बुर्जुग से पूछा तो बताया कि सड़क परियोजना की सर्ज शाफ्ट तक है। गांव में अभी सड़क नहीं पहुंची है।
 रैला के इसी स्थान से ही सैंज परियोजना के पावर हाउस में पानी गिराया जाएगा। कहने का तात्पर्य डेम साइट के ठीक ऊपर है रैला। गांव के नीचे से भूमिगत सर्ज शाफ्ट की सुरंग बन चुकी है। भूमिगत सुरंग ने गांव में पानी के स्रोतों को सोख लिया है। सुरंग के बनने के बाद गांव में पानी की किल्लत हो गई है। प्राकृतिक स्रोत सूख रहें हैं। अब पेयजल लिफ्ट किया जा रहा है। गांव के बीचों बीच भव्य स्थानीय शैली का भवन दिखा। पूछा तो पता चला लक्ष्मी नारायण का मंदिर। गांव में एक हाई स्कूल है। कुछ देर रूक कर आसपास का नजारा लेता रहा। उस ऊंचाई पर खड़ा था जहां से दिख रही थी सामने की हरी-भरी पहाडिय़ां व वहां बसे गांव। घने जंगल, लहलाते खेत बागीचे, बर्फ से लदे पहाड़। नजरें दूर-दूर तक जा रही थी। अद्भुत था नजारा। अहसास ही नहीं होता कि नीचे पहाड़ का सत्यानाश हो हो रहा है। विकास की कीमत तो चुकानी पड़ेगी। रैला से सुकून देने वाले पहाड़ देख कर लगा कि मैं कोई भयानक स्वप्र देखकर जागा हूं। पहाड़ की तबाही मेरे भ्रम से अधिक कुछ नहीं। 
नजारा देख कर लगा पहाड़ बेखबर हैं कि उसके शरीर के कुछ हिस्सों को बेदर्दी से छिला गया है। मशीनों से नोचा जा रहा है। कई छेद हो गए हैं। फोन की घंटी बजी। मित्र ने कहा, 'काम निपट चुका है।' परियोजना के सर्ज शाफ्ट तक नहीं पहुंच सका। तुरंत वापस चल पड़ा। मित्र न्यूली रोड पर इंतजार कर रहा था। उसे लगा कि मैं न्यूली से लौट रहा हूं। उसे पिक करने के बाद फिर से उसी भयानक दुनिया में लौट आया। सुबह आए थे नाश्ता करके, वापसी करते हुए डेढ़ बज गए। भूख लगने लगी। मित्र ने कहा कि सैंज से निकलकर औट के आसपास भोजन कर लेते हैं। धूला हुआ वाहन सैंज के लगभग 40 किलोमीटर उबड़ खाबड़ सड़क पर दौडऩे के बाद धूल से सन गया था। 






                                                   लारजी डेम 

मारूति लारजी ट्रेफिक टनल के बाद सांय-सांय दौड़ रही थी। पत्नी बोल उठी, 'अब लग रहा है कि पैदल चल रहे हैं।' औट से कुल्लू की तरफ सुंदर से रेस्टोरेंट में रूके। नदी के किनारे बने रेस्टोरेंट में जम गए। भोजन का आर्डर दे दिया। बीयर की चुस्कियां भी ले ली। घर पहुंचे। सफर की थकान मिटा ली। फोन उठाकर केलंग अजेय भाई से बात की। मैंने उन्हें बताया कि अभी-अभी सैंज का दौरा करके आया हूं पूरे नौ साल बाद। उन्होंने पूछा' 'क्या देखा?' तो मैंने कहा, 'मानों एक दुस्वप्र में से बचा कर खुद को बाहर निकाल लाया हूं। क्या लाहुल भी एक दिन सैंज बन जाएगा?' परियोजनाओं से कुल्लू की गत बना दी है। क्या अब लाहुल की बारी है? रोहतांग टनल, पाइप लाइन में दर्जनों जल विद्युत परियोजनाएं, प्रस्तावित रेल लाइन...आज जो लाहुल है वो ऐसा रह पाएगा? इन चर्चाओं के बाद वह बोले अजय तुमने मेरी 'रोहतांग टनल' कविता पढ़ी है....'पहाड़, क्या तुम छिद जाओगे?'  

Monday, March 8, 2010

गोच़ी- पुत्र उत्सव







जिला मुख्यालय केलंग सहित लाहुल के चार पंचायतों के दो दर्जन से अधिक गांव गाहर घाटी के तहत आते हैं। भागा नदी के आर-पार बसी आबादी की अलग बोली, अलग संस्कृति है। चार पंचायतों में नौ गोंपा बने हैं। इन मठों में कारदंग व शाशुर गोंपा की मान्यता सर्वाधिक है। लोग बौद्ध धर्म के अनुयायी हैं बावजूद इसके कई आयोजन ऐसे हैं जिनका बौद्ध धर्म से कोई संबंध नहीं है। उन आयोजनों से झलकता है कि बौद्ध धर्म इस इलाके में बहुत बाद में आया है। ऐसे आयोजनों से इस जनजाति की जड़ें सहज ही अन्यत्र होने का संकेत दे देती है। बर्फ की झक सफेद चादर वाले वातावरण में रंगीन पोशाकों में सजे-धजे ग्रामीण अलग ही तरह का इंद्रधनुषी अहसास से भर देते हैं। पुत्र पैदा होने की खुशी व ग्रामदेवता का आभार व्यक्त करता त्यौहार इस घाटी की अलग पहचान है। मान्यता है कि ग्राम देवता के आशिर्वाद से परिवार में हुए लड़के का जन्म पूरे समुदाय को मजबूती देने के लिए हुआ है। लड़की के जन्म पर इस प्रकार का आयोजन नहीं होता। उत्सव मुख्यत: पुत्र के जन्म पर उल्लास,आभार व खुशी को बांटने से जुड़ा है। शक्तिशाली लोकदेवता व ग्राम देवता वाले गांवों में हर वर्ष अनिवार्य तौर पर इस उत्सव का आयोजन होता है। गांव में लड़के का जन्म न हो तो भी ग्राम देवता के सम्मान में कुछ गांवों में आयोजन ग्रामीण मिल कर करते हैं। उन गांवों में प्यूकर, कारदंग, सतींगरी, रांग (अप्पर) केलंग, यो (लोअर) केलंग व बिलिंग ऐसे गांव हैं जहां हर वर्ष आयोजन होता है। पुत्र का जन्म हो तो संबंधित परिवार अन्यथा ग्रामीण मिलकर आयोजन में होने वाले खर्च को वहन करते हैं। कुछ गांवों में पुत्र जन्म न होने पर आयोजन स्थगित कर दिया जाता है। केलंग व कारदंग में गोच़ी का आयोजन देख चुका हूं। यह बात रोचक है कि पूरे इलाके की एक बोली होने के बावजूद आयोजन की विधि थोड़ी बहुत बदल जाती है। कारदंग में भोजपत्र पर कालिख से याक बनाया जाता है जबकि केलंग में खुलच़ी (मेमने की खाल में भूसा भर कर) उस पर तीरंदाजी की जाती है। 




                      गोची के लिए तैयारी  


केलंग व कारंदग गोची अपने ब्लाग में सहजने का प्रयास कर रहा हूं। वर्ष के भीतर (एक आयोजन से दूसरे आयोजन तक) जन्म लेने वाले लड़के के जन्म पर ग्राम देवता का आभार व्यक्त करने का चलन है व इसी त्यौहार को गोची कहा जाता है। हर वर्ष इसका आयोजन होता है। गांव में किसी वर्ष कोई लड़का जन्म न ले तो ग्रामीण सामूहिक तौर पर ग्राम देवता के प्रागंण में इस आयोजन की औपचारिकता पूरी करते हैं। कभी वर्ष भर में पांच परिवारों में लड़के का जन्म हो तो आयोजन पांच घरों में चलता है। इसी प्रकार एक ही परिवार में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई हो तो आयोजन एक ही घर में चलता है। संबंधित परिवार के रिश्तेदार व ग्रामीण आयोजन में शिरकत करते हैं। रांग केलंग में कुकुजी परिवार को लबदक (पुजारी) परिवार माना जाता है। आयोजन की शुरूआत उस घर से होती है जिस घर में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है, वहां ग्रामीण इकत्रित होते हैं व ग्रेक्स (पारंपरिक गीत) का गायन करते हुए गोची की औपचारिक शुरूआत करते हैं। गोच़ी की पूर्व रात्रि पर लोअर केलंग का थास परिवार जोकि संबंधित ग्राम देवता के लबदक हैं नगाड़े के साथ अप्पर केलंग पहुंचता है तथा अप्पर केलंग का थमस परिवार हालडा बना कर उस दल का स्वागत करते हुए अप्पर केलंग के ग्राम देवता के परिसर तक ले जाता है। दोनों ही ग्रामों के ग्रामीण पूजा अर्चना के बाद अपने-अपने देवताओं के प्रतीक चिन्ह (रंगीन या सफेद कपड़े का टुकड़ा) बदलते हैं। इसी के साथ लोअर केलंग का दल वापस चला जाता है। इसी के साथ गोच़ी की औपचारिक शुरूआत होती है। अप्पर केलंग के ग्रामीण किसी एक युवा को लाऊपा का दायित्व देते हैं। 
लाऊपा का काम कनिसका (देव प्रागंण) में रात भर आग जलाकर रहने का होता है तथा पूरी रात आग को बुझने नहीं दिया जाता। इस बीच लबदकपा बारी-बारी से उन परिवारों में जाता है जहां पुत्र जन्म हुआ है। लबदकपा दोलम (नगाड़ा) की गूंज के साथ ग्रामीण साथ चलता हैं। घर में सभी का सत्कार होता है। लबदकपा को पारंपरिक वेशभूषा व आभूषणों से लदी सजी कलचोरपा स्थानीय फूलों को गुच्छा भेंट करती है। कल्चोरपा के लिए नियम है कि वे फमाछांई (मां-बाप जीवित) हो। उसके बाद लकड़ी के परात में सत्तू का लिंग बनाया जाता है। सत्तू को पानी में हल्वे की तरह पकाया जाता है। लिंग का आकार बनते ही उसमें अंगुलियों से छेद करके नमक व मक्खन भरा जाता है। बने हुए लिंग को फोकेन कहा जाता है। फोकेन को गांव के युवा कनिसका तक पहुंचाते हैं। खुलची (मेमने की खाल में भूसा भरा जाता है व मेमने जैसा ही दिखता है) बनाया जाता है जिसे लाऊपा उठाता है। गांव में जन्में पुत्रों की संख्या के अनुसार खुलची बनाया जाता है। संबंधित परिवार में एक ही खुलची बनता है। एक हल्डापा होता है उसे महिलाओं के पारंपरिक आभूषणों से सजाया जाता है। निश्चित अवधि में जलूस घर से निकलता है। सबसे पहले हाल्डापा उसके पीछे फोकेन उठाए युवा। कल्चोरपा व परंपरागत आभूषणों से लदी नवजात शिशु की मां। फोकेन उठा कर चलने वाले मित्र जमकर अश्लील वचनों का गान करते हैं। शिशु के मां व बाप पर खूब अश्लील फब्तियां कसते हैं। कनिसका में ग्रामीण हर घर से सिंचाई के पानी के हक के अनुसार मक्खन के मूर व मारकेनची बना कर लाते हैं। इस बीच नवजात कन्या को ढूंढ कर लाया जाता है। सांकेतिक विवाह की प्रथा पूरी की जाती है जिसे गोची बागमा कहा जाता है। गोची बागमा का दुल्हा लोऊपा होता है। उसके बाद फोकेन व मूर का भोग ग्राम देवता को चढ़ाता है। भोग चढ़ाने के बाद उसे ग्रामीणों में बांट दिया जाता है। गोच़ी बाकमा की नवजात दुल्हन को मूर व फोकेन का कुछ अधिक भाग दिया जाता है। इस प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद ग्रामीण कुकुजी परिवार में मौजूद केलिंग बजीर के लाखांग ( देवालय) में एकत्रित होते हैं तथा ग्रेक्स का गायन करते हुए ग्राम देवता की अर्चना करते हैं। ग्रामीणों को अरग-छंग परोसा जाता है। नगाड़े बजते हैं। तीरकमान तैयार किया जाता है। बहुत बड़ा हल्डा (मशाल) तैयार होता है। ग्रेक्स का गायन संपन्न होते ही परंपरागत पूजा अर्चना के बाद मशाल जलाकर लबदक पा को ससम्मान कनिसका लाया जाता है। लबदकपा पुराने काले शाल के नीचे  तीरकमान को ढक कर लाता है। खुलची को निश्चित स्थान पर रखा जाता है। नर-नारियों की खूब भीड़ होती है व अश्लील वचनों का क्रम चलता रहता है। पूरी पूजा के बाद लबदकपा एक शुगशुग तीर दक्षिण दिशा की और छोड़ता है। उसके बाद खुलची पर निशाना साधने का काम शुरू हो जाता है। तीरदांजी सिर्फ लबदकपा ही करता है। ग्रामीणों में मान्यता है कि जितने तीर खुलची पर लगेंगे अगले वर्ष उतने ही पुत्र गांव में होंगे। तीरंदाजी के क्रम के बाद खुशी मनाते हुए ग्रामीण कनसिका में पहुंचकर शैणी नृत्य करते हैं। इस नृत्य में महिलाओं की भागीदारी नहीं होती। उसके बाद गोच़ी के उपलक्ष में संबंधित घरों में होने वाले खान-पान व नाच-गान के आयोजन में शामिल होते हैं। लोअर केलंग में आयोजन हल्का सा भिन्न है।
 कारदंग में फोकेन को पकाने की बजाए पानी से गूंदा जाता है। लिंग आकार तैयार होते ही उसपर मक्खन से कुछ आकृतियां बनाई जाती है व लिंग के उपर मारकेनचि (मक्खन का बकरा) रखा जाता है। कारंदग में लबदकपा के दो परिवार हैं। गोच़ी की शुरूआत में ग्रामीण नगाड़े के साथ पहले छोटे लबदकपा के घर जाते हैं व उनके घर में पूजा की औपचारिकता के बाद छोटे लबदकपा को लेकर बड़े लबदकपा के घर जाते हैं। मुख्य लबदकपा के घर तीरकमान की पूजा होती है। घर से निकलने से पूर्व घंडाड व ग्राम देवता तंगजेर की अर्चना होती है। उसके बाद लबदकपा गोची के अनुरूप घरों में पहुंचता है। ग्रेक्स का गायन होता है। ग्रेक्स के गायन के अनुसार ही भोजपत्र पर कालिख से याक का चित्रण होता है। पांच घर में गोची का आयोजन हो तो पहले घर में याक का लिंग बनता है व अंतिम घर में याक पूरा आकार लेता है। एक घर से दूसरे घर में जाने के लिए ग्रामीण लबदकपा को खूब मनाते हैं। बारी-बारी से एक-एक को मनाया जाता है। बड़े लबदकपा को मनाने में काफी समय लगता है। हर घर में शुर,जौ व ऊन भोजपत्र की छोटी-छोटी पोटली में बांधा जाता है। इसे भरने का काम छोटा लबदकपा करता है। तमाम घरों में ग्रेक्स के गायन के बाद दोनों लबदकपा घरों से मिले शुर,जौ व ऊन लेकर देवता से संबंधित एक खेत में पहुंच कर भोग चढ़ाते हैं। उसके बाद वापस आकर हर घर से पूरे जलूस व अश्लील वचनों के गान के साथ फोकेन कनिसका में लाया जाता है। पूजा अर्चना का क्रम चलता है। उसके बाद बर्फ के ढेर के उपर लकड़ी के गट्टर रख कर भोजपत्र पर चित्रित याक को रखा जाता है व उसपर 
तीरंदाजी होती है। तीरंदाजी के बाद कनिसका में आकर सामूहिक नृत्य होता है व भोग चढ़ाया जाता है।
    

लब्दाग्पा पहुँच गए घर!



काल्चोरपा लब्दाग्पा को फूल देने को तैयार!



लब्दाग्पा फूल लेते हुए.



फूल अन्य मेहमानों को भी.




फ़ोकेन तैयार



छंग-अरग से भरे बर्तन.



फ़ोकेन उठाइए, चलो कानिस्का!



हल्डापा और कालछोरपा


पीठ पर बेटा, परम्परा का निर्वाहन 

मूर के साथ गाँव की महिलाएं 




चढ़ा मूर व फ़ोकेन का भोग 



केलिंग बजीर का लखांग 



लखांग में लब्दाग्पा


लखांग में ग्रेग्स गायन करते ग्रामीण 




बज उठे नगाड़े 



तीरकमान के साथ लब्दाग्पा 


निशाना साधते हुए लाब्दाग   


केलंग में गोच़ी के बाद गमच़ा का आयोजन होता है। गमच़ा गोची से जुड़ा व उसके बाद का आयोजन है व तिब्बती कलेंडर के चुरगु  (19 तारीख) के बाद गमच़ा का आयोजन नहीं होता। केलिंग बजीर के लाखांग वाले कुकुजी परिवार में पत्थर की चक्की होती है, जिसमें जौ के भुने हुए दानों को पीसा जाता है। यह सत्तू से अलग होता है व इसे दरे कहा जाता है। गमच़ा के दिन तीन स्थानों में पूजा की जाती है। गमच़ा में दो युवा शेपा बनते हैं जो पूजा के लिए गांव से ऊपर जाते हैं। अरग व दरे का भोग लगाते हैं व दूसरा ग्रुप केलिंग बजीर के लाखांग में भोग लगाते हैं व तीसरा ग्रुप लगजोमजी परिवार के खेत में एकत्रित होता है दरा को गूंध कर नौ छंगपा दांये हाथ की  में निचोड़ा गया बनाता है। दिन ढलते ही छोद के आवाज के साथ तीनों ग्रुप भोग चढ़ाते हैं। उसके बाद दोनों शेपा गायब हो जाते हैं व गांव में नवविवाहित जोड़ों के घर जाते हैं। नवविवाहित परिवार के परिजन ग्रामीणों को सूचित करते हैं कि शेपा उनके घर में हैं तो ग्रामीण इकत्रित होकर उसी घर में जुट जाते हैं। ग्रामीण ग्रेक्स का गायन करते हैं। ग्रेक्स में नवविवाहित जोड़े को पुत्र प्राप्ति की कामना की जाती है।  
#इस पोस्ट के लिए शरब कुकुजी व छेरिंग अंग्चुक 'चेपा' अताजी केलंग का आभार